समुद्र और उसकी दुनिया बच्चों के लिए रहस्य और रोमांच दोनों से भरी होती है। आज बच्चों को इसी रहस्यमयी दुनिया से रू-ब-रू कराते हैं, घर पर पेपर प्लेट की मदद से समुद्री दुनिया को रच कर।
1. जैली फिश (Jellyfish)
जैली फिश तैयार करने के लिए जरूरी सामग्री
पेपर प्लेट: 1 गोलाकार
पोस्टर कलर्स:
ब्रश:
रिब्बन: कोई भी एक रंग का
रंगीन कागज
गुगली आईस
ग्लू
जैली फिश कैसे बनाएं
पेपर प्लेट से जैली फिश बनाने के लिए आप सबसे पहले प्लेट को बीच में से आधा काट दें। इसके बाद कटे हुए एक हिस्से को अपने पसंदीदा रंग से अंदर बाहर दोनों तरफ से रंग लें और इसे कुछ देर के लिए सूखाने के लिए छोड़ दें।
प्लेट को रंगने के बाद आप प्लेट का गोल हिस्सा ऊपर और कटा हुआ हिस्सा नीचे की ओर रखें और ग्लू से रिब्बन का एक लंबा लूप बनाकर प्लेट के गोल हिस्से पर चिपकाएं।
इसके बाद आप रंगीन कागज लें और उसकी आधा इंच से भी पतली कई पट्टियां काटें। आप चाहें तो इन पट्टियों को अलग-अलग रंग के कागज में से भी निकाल सकते हैं।
अब प्लेट के नीचे के हिस्से में आप इन पट्टियों को थोड़े-थोड़े अंतराल पर ग्लू की मदद से चिपका दें।
जैली फिश को चेहरे का आकार देने के लिए आप प्लेट पर गुगली आईस को ग्लू की सहायता से चिपकाएं। आपकी पेपर प्लेट की जैली फिश तैयार है।
2. समुद्री सीप (Sea oyster)
समुद्री सीप बनाने के लिए जरूरी सामान
पेपर प्लेट: 1
रंगीन कागज
रूई: थोड़ी सी
मोती: सफेद एक बड़ा
पोस्टर कलर्स:
ब्रश
ग्लू
चमकीली
समुद्री सीप कैसे बनाएं
समुद्री सीप बनाने के लिए आप सबसे पहले एक गोलाकार पेपर प्लेट को बीच में से आधा कर लें।
इसके बाद आप दोनों हिस्सों को अंदर बाहर से अच्छे से हल्क नीले, हरे रंग से रंग दें।
इसके बाद आप सीप का आकार देने के लिए प्लेट के दोनों हिस्सों को एक दूसरे पर ऐसा रखें कि वे देखने में सीप का आकार ले लें। अब आप रंगीन कागज से एक दो इंच चौड़ा और दो इंच लंबा टुकड़ा काटें और उसे सीप के पिछले हिस्से पर ग्लू की मदद से ऐसे चिपकाएं कि आप सीप को खोल-बंद कर सकें। यानी आपको प्लेट के दोनों हिस्सों को बराबर पकड़ कर उनके अंदर की तरफ इस कागज के टुकड़े को चिपकाना है।
इसे कुछ देर के लिए सूखने के लिए छोड़ दें।
अब आप सीप को बाहर से सजाने के लिए ग्लू और चमकीली का प्रयोग करें।
सीप मोती के बिना अधूरी मानी जाती है, इसीलिए आप पेपर प्लेट से तैयार इस सीप में पहले थोड़ी रूई को ग्लू की सहायता से चिपकाएं और फिर एक बड़े सफेद रंग के मोती को इस रूई पर चिपकाएं। आपकी सीप बिल्कुल तैयार है।
3. केकड़ा (Crab)
केकड़ा बनाने के लिए जरूरी सामान
पेपर प्लेट: 1
पोस्टर कलर्स
ब्रश
गुगली आइस
ए-4 शीट: 1
मार्कर पैन: काला
ग्लू
कैंची
पेंसिल
केकड़ा कैसे बनाएं
पेपर प्लेट से केकड़ा बनाने के लिए आप पेपर प्लेट को बीच में से आधा काट लें। और उसके बाद जिस रंग की आपने ए-4 शीट ली है, उसी रंग से प्लेट को अच्छे से ब्रश की सहायता से रंग लें।
प्लेट को सूखने के लिए थोड़ी देर के लिए छोड़ें।
तब तक आप केकड़े की और 6 टांगें और उसके 2 डंक बनाने के लिए ए-4 शीट पर पेंसिल से आकार बनाएं और कैंची की मदद से इन्हें काट लें। अगर आप अपना काम आसान करना चाहते हैं तो ए-4 शीट को बीच में से मोड़ दें और फिर दो-दो के सेट में 3 टांगे और एक डंक बना कर उन्हें काट लें।
अब ग्लू की सहायता से आप प्लेट के नीचे की ओर यानी सीधे हिस्से पर पहले दोनों डंक चिपकाएं। फिर सही दूरी बनाते हुए दोनों और केकड़े की टांगों को चिपकाएं।
इसके बाद प्लेट के सामने की और गुगली आईस को चिपकाएं।
केकड़े के डंकों और टांगों को मार्कर पैन से हाइलाईट करें। आपका केकड़ा तैयार है।
4. शार्क (Shark)
शार्क बनाने के लिए जरूरी सामान
पेपर प्लेट: 1
रंगीन कागज
पोस्टर कलर्स
ब्रश
गुगली आईस
ग्लू
मार्कर पैन
शार्क कैसे बनाएं
सबसे पहले आप एक पेपर प्लेट लें और उसे उल्टा कर उस पर शार्क के खुले मुंह का आकार बना लें। इसके लिए आप चाहें तो प्लेट के बीचोंबीच एक निशान लगाएं और फिर वहां से प्लेट के बाहरी हिस्से पर लगभग दो इंच के अंतराल पर दो लाइन डालें। आपके सामने ये रेखाएं प्लेट के बीचोंबीच 45 डिग्री का कोण बनात हुए नजर आएंगे।
अब आप इन रेखाओं को शार्क का मुंह समझें और उसके बीच में तीखे दातों को पेंसिल से आकार दें।
फिर आप कैंची की सहायता से शार्क के मुंह को ऐसे काटें कि दांत प्लेट पर बने रहें और बाकी हिस्सा कट कर अलग हो जाए।
अब आप शार्क की पूंछ और उसके फिन बनाने के लिए रंगीन शीट में पेंसिल से आकार बनाएं और फिर उन्हें भी काट लें।
अब आप अपनी प्लेट में रंगीन शीट से मेल खाते हुए रंग भरें और ध्यान रहे कि शार्क के मुंह के हिस्से को आप सफेद ही छोड़ दें।
रंगों के सूखने के बाद आप ग्लू की सहायता से प्लेट के पीछे के हिस्से में शार्क की पूंछ और ऊपर व नीचे की तरफ उसके फिन और गुगली आईस भी लगाएं।
शार्क को गुस्सैल दिखाने के लिए आप काले मार्कर पैन से उसके चेहरे पर कुछ कट के निशान भी बना सकते हैं।








Be the first one to comment on this story.